
लोकसभा चुनाव-2024 में अब सिर्फ एक साल बचे हैं। सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। कांग्रेस पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम शुरू कर चुका है। इसी दौरान शिवसेना (यूबीटी) नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत का बयान आया है, जिससे विपक्ष के हौसले और बुलंद हो गई है। सांसद राउत का कहना है कि विपक्ष 2024 में एकजुट रहेगा। वहीं, उन्होंने असद एनकाउंटर पर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला है। राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्ष को एकजुट करने के लिए काम शुरू कर दिया है। वह इस पर लगातार मेहनत कर रहे हैं। हम इसका स्वागत करते हैं। सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का मानना है कि विपक्ष साथ नहीं आना चाहिए। विपक्ष को साथ नहीं रहना चाहिए, लेकिन इस लोकसभा चुनावों में उनका भ्रम टूटने वाला है। 2024 में पूरा विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। सांसद संजय राउत ने उत्तर प्रदेश में हुए असद के एनकाउंटर पर भी भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि मुंबई में सबसे ज्यादा एनकाउंटर हुए हैं। लोगों ने उन अधिकारियों और जवानों को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट का खिताब भी दिया था। कुछ लोगों ने एनकाउंटर के खिलाफ कोर्ट में सबूत दिए। मामले की जांच की गई। इसके बाद जांच में दोषी पाए जाने वाले एनकाउंटर स्पेशलिस्ट को जेल भी हुई।