#BREAKING LIVE :
गोवा के मनोहर पर्रिकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी पहली फ्लाइट, परंपरागत रूप से हुआ स्वागत | ‘भेड़िया’ फिल्म एक हॉरर कॉमेडी फिल्म | शरद पवार ने महाराष्ट्र के गवर्नर पर साधा निशाना, कहा- उन्होंने पार कर दी हर हद | जन आरोग्यम फाऊंडेशन द्वारा पत्रकारो के सम्मान का कार्यक्रम प्रशंसनीय : रामदास आठवले | अनुराधा और जुबेर अंजलि अरोड़ा के समन्वय के तहत जहांगीर आर्ट गैलरी में प्रदर्शन करते हैं | सतयुगी संस्कार अपनाने से बनेगा स्वर्णिम संसार : बीके शिवानी दीदी | ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आरती त्रिपाठी हुईं सम्मानित | पत्रकार को सम्मानित करने वाला गुजरात गौरव पुरस्कार दिनेश हॉल में आयोजित किया गया | *रजोरा एंटरटेनमेंट के साथ ईद मनाएं क्योंकि वे अजमेर की गली गाने के साथ मनोरंजन में अपनी शुरुआत करते हैं, जिसमें सारा खान और मृणाल जैन हैं | महाराष्ट्र: 2 मई से 13 जून तक गर्मी की छुट्टी |

राहुल से शशि थरूर तक की किस्मत का कल फैसला, हैट्रिक लगाने की तैयारी में हेमा मालिनी और ओम बिरला

14

लोकसभा चुनाव को लेकर देश में एक अलग माहौल बना हुआ है। पहले चरण के बाद दूसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। 26 अप्रैल का चुनाव कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर, अभिनेता से नेता बने अरुण गोविल के साथ- साथ भाजपा नेता हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र शेखावत के लिए काफी अहम है। यह सभी उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। हेमा मालिनी, ओम बिरला सहित कई भाजपा नेता अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश करेंगे। बता दें, दूसरे चरण का चुनाव शुक्रवार यानी कल होने वाला है। 13 राज्यों की 88 सीटों पर चुनाव होना है। इससे पहले 19 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव हुआ था, जिसमें 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट पड़े थे। करीब 65.5 फीसदी मतदान हुआ था। अब लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को केरल की सभी 20 सीटों, कर्नाटक की 28 में से 14, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ-आठ, मध्य प्रदेश की सात, असम तथा बिहार की पांच-पांच, छत्तीसगढ़ तथा पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीटों पर मतदान होना है। वहीं, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर चुनाव होगा। राहुल गांधी केरल के वायनाड से मौजूदा सांसद हैं। वे एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, उन्हें सीपीआई के एनी राजा और भाजपा के के. सुरेंद्रन टक्कर दे रहे हैं। साल 2019 के चुनाव में, गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सीपीआई के पीपी सुनीर के खिलाफ सात लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। इसके अलावा,  तिरुवनंतपुरम सीट पर कांग्रेस की चौथी बार जीत की उम्मीद की जा रही है। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर चुनावी मैदान में हैं। उन्हें भाजपा के केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और भाकपा के पन्नयन रवींद्रन के खिलाफ खड़ा किया गया है। मथुरा से 2014 से सांसद हेमा मालिनी कांग्रेस के मुकेश धनगर के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कोटा से दो बार सांसद रहे ओम बिड़ला कांग्रेस पार्टी के प्रहलाद गुंजल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री शेखावत की तीसरी बार जोधपुर सीट पर नजर है। जबकि कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार करण सिंह उछियारदा जीत की उम्मीद कर रहे हैं। बंगलूरू दक्षिण से मौजूदा सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं, जो 30 साल से अधिक समय से भाजपा का गढ़ है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह के उत्तराधिकारी के तौर पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा के उम्मीदवार संतोष पांडेय के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। रामायण टीवी धारावाहिक में भगवान राम का किरदार निभाने के लिए मशहूर तीन बार के सांसद राजेंद्र अग्रवाल की जगह अरुण गोविल पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला बसपा के देवव्रत कुमार त्यागी और सपा की सुनीता वर्मा से है। मध्य प्रदेश में भाजपा नेता वीरेंद्र कुमार खटीक टीकमगढ़ से चौथी जीत पर नजर गड़ाए हुए हैं। कांग्रेस ने इस निर्वाचन क्षेत्र से पंकज अहिरवार को मैदान में उतारा है। 2019 में खटीक ने कांग्रेस की किरण अहिरवार को 3.48 लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।
कांग्रेस के लिए अलप्पुझा सीट पर मुकाबला बना प्रतिष्ठा की लड़ाई
केरल की अलप्पुझा सीट पर मुकाबला कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने केरल की 20 में से 19 सीट पर जीत हासिल की थी, एक सीट मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने अपने नाम की थी। कांग्रेस इस सीट पर भी जीत हासिल करना चाहती है। वेणुगोपाल अपने राजनीतिक करियर में कोई बड़ा चुनाव नहीं हारे हैं। उन्होंने 1996, 2001 और 2006 में लगातार तीन बार अलाप्पुझा विधानसभा सीट जीती और 2009 और 2014 में अलाप्पुझा से लोकसभा के लिए चुने गए। वर्ष 2019 में, पार्टी द्वारा उन्हें एआईसीसी का महासचिव बनाए जाने के बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी त्रिशूर से कांग्रेस के के मुरलीधरन और माकपा के वीएस सुनील कुमार के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल के बालुरघाट से मौजूदा भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार फिर से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के बिप्लब मित्रा और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के जयदेव सिद्धांत से है।